Bihar weather : अगले पांच दिनों तक बढ़ेगा तापमान, मौसम रहेगा शुष्क

Update: 2025-03-24 02:34 GMT
Bihar weather : पिछले तीन-चार दिनों से बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान तेज हवा का प्रवाह भी जारी रहा, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इसके बावजूद तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक रहा।
बिहार का मौसम आज (सोमवार) से पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, क्षेत्र का तापमान लगातार बढ़ेगा और बिहार में तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ेगी। अनुमान है कि तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहेगा, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी महसूस की जाएगी।
बिहार के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 24 मार्च 2025 से अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण रात में ठंड का एहसास नहीं होगा और गर्मी का असर बढ़ेगा।
अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय असम और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से डेढ़ किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि इन दोनों मौसमी सिस्टम का असर बिहार में न के बराबर रहेगा, जिसके कारण अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश (नो रेन इन बिहार) और ठंडी हवा के प्रवाह की संभावना नहीं है। इसकी वजह से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। रविवार को जारी मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन दक्षिण और उत्तर बिहार दोनों क्षेत्रों में गर्मी का असर देखने को मिला।
राज्य में सबसे अधिक तापमान गोपालगंज में 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस सहरसा के अगवानपुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अभी तापमान और तेजी से बढ़ेगा। बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जिससे बिहार में दिन में लू जैसी स्थिति रहने की संभावना है।
Tags:    

Similar News