Bihar Weather : बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य में 31 दिसंबर तक घने कोहरे और कोल्ड डे (शीत दिवस) को लेकर चेतावनी जारी की है। दिसंबर के आखिरी दिनों में ठंड अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना है। इन इलाकों में दिनभर ठंडी पछुआ हवा के कारण कनकनी बनी रहेगी।
पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में अगले 4 से 5 दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। सुबह और देर शाम के समय कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
रुवार को गया और भागलपुर में सबसे घना कोहरा देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 20 मीटर तक पहुंच गई। पटना समेत अन्य जिलों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। पूर्णिया, गया, भागलपुर और मधुबनी में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस सहरसा के अगवानपुर में दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना हुआ है।