Bihar Weather : बिहार में सर्दी का असर फिलहाल कम होने वाला नहीं है। सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। हालांकि दोपहर में निकल रही धूप से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि ठंड का खतरा अभी टला नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में Dense Fog Alert जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के 18 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, सारण, वैशाली, समस्तीपुर और कटिहार। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में अगले पांच दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन और बढ़ेगी। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, जिससे दोपहर में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।मौसम विभाग का कहना है कि 15 जनवरी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर पश्चिमी बिहार से लेकर उत्तर बिहार तक देखने को मिल सकता है। इसके अलावा 17 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की आशंका है, जिसका प्रभाव 20 और 21 जनवरी के बीच ज्यादा स्पष्ट हो सकता है।