Bihar Weather :ठंड का रिकॉर्ड टूटा, पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट

Update: 2025-12-28 03:25 GMT
Bihar Weather : बिहार में इस बार सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह ही नहीं, बल्कि दिनभर और देर रात तक लोग कंपकंपाती ठंड और कनकनी से जूझने को मजबूर हैं। इस सीजन में पहली बार राज्य का दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि कई इलाकों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। सुबह से लेकर दोपहर तक कई जिलों में बेहद घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात के साथ-साथ दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
नए साल के पहले दिन भी नहीं मिलेगी राहत, जनवरी के पहले हफ्ते तक ठंड का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, नए साल का पहला दिन यानी 1 जनवरी 2026 भी बिहारवासियों के लिए राहत भरा नहीं रहने वाला है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी और घने से बेहद घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि कड़ाके की ठंड का यह दौर जनवरी 2026 के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है। ठंड और कोहरे को देखते हुए पूरे बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आईएमडी के अनुसार, आज 28 दिसंबर को बिहार के 33 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि 26 जिलों में कोल्ड डे अलर्ट जारी किया गया है। पटना, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और पश्चिम चंपारण सहित कई जिले इस अलर्ट की चपेट में हैं। हालांकि, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर में फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।मौसम विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर से 31 दिसंबर की सुबह तक खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर को छोड़कर बिहार के शेष 31 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय समेत 19 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
31 दिसंबर से 01 जनवरी तक 26 जिलों में कोल्ड डे की आशंका
31 दिसंबर से 01 जनवरी 2026 के बीच पूर्वी बिहार को छोड़कर राज्य के 26 जिलों में कोल्ड डे रहने का पूर्वानुमान है। इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, कैमूर, रोहतास, दरभंगा और मधुबनी जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इसके साथ ही पूरे बिहार में घने स्तर का कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।
Tags:    

Similar News