Bihar बिहार: बिहार के सुपौल ज़िले के निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही गाँव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर रविवार को हुए एक सड़क हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक को जोरदार टक्कर
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजस्थान के चुरू ज़िले के सुजानगढ़ निवासी महेश मंडल अपनी मोटरसाइकिल से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर सिलीगुड़ी जा रहे थे, तभी हर्ष पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रहे तीन बच्चों को टक्कर मार दी। दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए तीनों बच्चों को इलाज के लिए निर्मली अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। घायल हुए दो बच्चों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेजा गया, जहाँ दूसरे बच्चे की वहाँ पहुँचते ही मौत हो गई। तीसरे बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान हरियाही पंचायत के वार्ड संख्या 8 निवासी रामप्रसाद मंडल के पुत्र मनीष कुमार (8) और अर्जुन मंडल के पुत्र सुमन कुमार (6) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मोटरसाइकिल चालक को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली।