Bihar: दर्दनाक हादसा, पतंग लूटने के दौरान गड्डे में गिरने से 2 बच्चों की मौत
Bihar बिहार: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। पतंग लूटने के चक्कर में दो मासूम बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरा इलाका शोक में डूब गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मिठनपुरा थाना अंतर्गत गोशाला रोड स्थित रामबाग आदर्श नगर मोहल्ले में हुई। रविवार दोपहर पतंग लूटने के चक्कर में दो मासूम बच्चे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। दोनों की मौत हो गई। मृतकों में राजा कुमार (9 वर्ष), स्वर्गीय इंद्रजीत कुमार का पुत्र और आदर्श कुमार (9 वर्ष), लालबाबू कुमार सहनी का पुत्र शामिल हैं। राजा आदर्श नगर मोहल्ले का रहने वाला था, जबकि आदर्श का परिवार वहीं किराए पर रहता था।
आक्रोशित परिजनों ने पुलिस और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीएंडटी चौक स्थित एक अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने दावा किया कि यह हादसा बारिश के कारण मोहल्ले में हुए जलभराव के कारण हुआ। परिवार पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं था। एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार और मिठनपुरा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पंकज के समझाने-बुझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दुखद हादसे के बाद पूरा इलाका शोक में डूबा हुआ है। माता-पिता गहरे सदमे में हैं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।