Bihar बिहार: जिले से इस समय एक बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है. यहां बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी एनएच 31 पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पूरी घटना नगर थाना क्षेत्र के खातोपुर चौक के पास एनएच 31 की बताई जा रही है. बारात से लौट रहे थे लोग जानकारी के मुताबिक, बेगूसराय के पहाड़पुर गांव से अभिषेक कुमार की शादी के लिए बारात साहेबपुर कमाल इलाके में गई थी. यहां से आज सुबह लौटते समय खातोपुर के पास सुबह 4 बजे स्कॉर्पियो गाड़ी का टायर पंचर हो गया|
इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर एनएच 31 पर पलट गई. स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि गाड़ी डिवाइडर को तोड़ते हुए एनएच 31 पर पलट गई, गाड़ी आगे और पीछे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि लोग बारात से लौट रहे थे और गाड़ी पंचर होने के कारण एनएच पर पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग घायल हैं। मृतकों में मनोज कुमार सिन्हा का 19 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और उसका भाई अभिषेक कुमार, रूदल पासवान का 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार और जगदीश पंडित का 18 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार शामिल हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी चंदन महतो के पुत्र अभिषेक कुमार की शादी के लिए बारात साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के न्यू जाफर नगर गई थी, जहां से लौटते समय यह हादसा हुआ।