Bihar:सहरसा में नदी किनारे मिले सिरकटे शव की गुत्थी सुलझी

Update: 2026-02-14 03:13 GMT
Bihar: बिहार के सहरसा जिले में सुरसर नदी के किनारे मिले अज्ञात सिरकटे शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। गुरुवार को बरामद शव की पहचान 26 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। राजेश बंगलुरु में रहकर मजदूरी करता था और इस बार होली गांव में मनाने का वादा किया था। लेकिन त्योहार से पहले ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतक राजेश कुमार डरहार थाना क्षेत्र के सतौर पंचायत अंतर्गत नारायणपुर (वार्ड नंबर 4) का निवासी था। वह स्वर्गीय रामचंद्र यादव का बड़ा पुत्र था। पिता के निधन के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। पहचान होने के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
राजेश जुलाई 2023 में रोजी-रोटी की तलाश में बेंगलुरु गया था। बीच में वह अक्टूबर में अपने जन्मदिन पर घर लौटा था, लेकिन दिसंबर में दोबारा काम पर चला गया। वह अपनी मां और बहन रीना से नियमित फोन पर बात करता था। इस बार उसने परिवार से वादा किया था कि होली गांव में ही मनाएगा, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया।
राजेश अपने छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर बेहद गंभीर था। वह हर महीने 10 से 15 हजार रुपये घर भेजता था। मौत से कुछ दिन पहले ही उसने 8 फरवरी को 10 हजार और 11 फरवरी को 5 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से परिवार को भेजे थे। उसका छोटा भाई संजीव कुमार भारती फिलहाल गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सोनवर्षा थाना क्षेत्र में सुरसर नदी के समीप युवक का सिरकटा शव बरामद हुआ था। पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। इस वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags:    

Similar News