Bihar बिहार: पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा के गेस्ट हाउस जौहरी निवास के कमरा नंबर 305 और 306 में पुलिस ने छापेमारी की। इन कमरों से विदेशी पिस्तौल, मैगज़ीन और खाली कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने चार पंजाबी युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें जसकरण सिंह, सरदार विजय सिंह, सरदार मणि सिंह और अमन सिंह शामिल हैं। इनके पास से तीन विदेशी पिस्तौल, पाँच खाली कारतूस और मैगज़ीन बरामद की गई हैं। ये कमरे लंबे समय से एक निजी चैनल के इस्तेमाल के लिए आवंटित थे। गुरुद्वारा सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी युवक चढ़ती कला/जनहित चैनल से जुड़े हैं।
गुरुद्वारा में प्रवेश के लिए मेटल डिटेक्टर से जाँच अनिवार्य होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि ये युवक हथियार लेकर अंदर कैसे पहुँचे। साथ ही, इनके पास खाली कारतूस कैसे आए, इसकी भी जाँच की जा रही है। पुलिस ने जसकरण प्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। पटना सिटी पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
कुछ दिन पहले ही ई-मेल के ज़रिए गुरुद्वारे को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली थी। प्रबंधन समिति ने पटना के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने पूरे गुरुद्वारे की तलाशी ली थी। तख्त श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी राजेंद्र सिंह की करीब 4 साल पहले हुई हत्या का मामला अभी तक अनसुलझा है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू से जाँच कर रही है।