Bihar बिहार: शेखपुरा जिले में बाइक चोर को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया है. इस हमले में एक एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां भी चलाई हैं. घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर छापेमारी की. जहां से घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. जबकि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है. सिरारी थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम बाइक चोरी के आरोपी मतलू सिंह को गिरफ्तार करने कैथम गांव गई थी. टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो वह नहीं मिला. वापस लौटते समय करीब डेढ़ दर्जन बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया|
हमलावरों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं और उनके साथ मारपीट की. इस हमले में एसआई शिवशंकर कुमार, सिपाही मुकेश कुमार और होमगार्ड जवान कंचन कुमार घायल हो गए. 12 अज्ञात लोगों को बनाया गया आरोपी थाना प्रभारी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने हमलावर और कैथवा गांव निवासी सुनील पांडेय के पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ अविनाश कुमार को गिरफ्तार कर शेखपुरा जेल भेज दिया है। जबकि आयुष राज, सुमित पांडेय, उमेश पांडेय और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।