Bihar News: सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मोरा खास गांव से शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के तीन मासूम किशोरों की चिमनी के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर तरफ मातम पसरा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान मोरा खास निवासी पंकज यादव के आठ वर्षीय पुत्र बृजेश कुमार, हरिकिशोर यादव के पुत्र अमन कुमार और रंगीला यादव के 10 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। इनमें अजीत कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
घटना के संबंध में मृतक अमन के चाचा नंद किशोर यादव ने बताया कि गांव में ही एक चिमनी स्थित है, जहां ईंट निर्माण के लिए जेसीबी से गहरी मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। उसी गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे तीनों किशोर नहाने की नीयत से वहां पहुंचे लेकिन परिजनों को इसकी भनक नहीं लगी। शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई। काफी खोजबीन के बाद शनिवार की सुबह गोताखोरों की मदद से चिमनी के गड्ढे की तलाशी ली गई तो तीनों के शव बरामद हुए।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाने की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। घटना पर महाराजगंज एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चिमनी के लिए मिट्टी की खुदाई के कारण गड्ढा बन गया था। जलजमाव के कारण यह हादसा हुआ। चिमनी गांव के ही अशोक सिंह की बताई जाती है। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।