Bihar News: पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

Update: 2025-03-25 06:10 GMT
Bihar News: समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के राहा रहुआ पूर्वी गांव के वार्ड 4 मोहल्ले में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान राजदेव सहनी के पुत्र 21 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है, क्योंकि सोमवार की शाम राहुल का तिलक समारोह था। परिजनों के अनुसार राहुल तमिलनाडु में मजदूरी करता था और वह तिलक समारोह में शामिल होने के लिए रविवार की सुबह घर आया था। सोमवार की शाम दरभंगा बहेरी से एक परिवार ने उसकी शादी के लिए तिलक चढ़ाया था।
राहुल की मां ने बताया कि राहुल शाम को टहलने के लिए निकला था, लेकिन रात करीब आठ बजे लौटने के बाद वह किसी फोन पर फिर बाहर चला गया और तब से लापता था। परिजनों ने अभी उसकी खोजबीन शुरू ही की थी कि उन्हें सूचना मिली कि राहुल का शव घर के पास बगीचे में आम के पेड़ से लटका हुआ है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि राहुल का एक पैर पेड़ में फंसा हुआ था और उसका सिर भी पेड़ की टहनी में उलझा हुआ था।
उसकी मां ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि हत्या के बाद इसे आत्महत्या दिखाने के लिए शव को यहां रखा गया है। वारिसनगर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का आवेदन अभी नहीं मिला है, लेकिन आवेदन मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा।
Tags:    

Similar News