Bihar: वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के पोखरा मोहल्ला में गुरुवार की सुबह नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए राहगीर और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में जिले में दो जगहों पर नवजात शिशु के शव मिलने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाजीपुर के कुछ निजी नर्सिंग होम में अवैध तरीके से कई काम किए जा रहे हैं और इसमें स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत भी हो सकती है।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर थाने की पुलिस पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई में जुटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह जब घर से बाहर निकले तो सड़क पर नवजात का शव पड़ा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के नर्सिंग होम वालों ने यह शव सड़क पर फेंक दिया।यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है। नवजात शिशु का शव देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं और समाज में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश फैल गया।