पटना में सेहत से खिलवाड़, दूध-पनीर में खतरनाक केमिकल की मिलावट का मामला
सावधान! दूध-पनीर में फॉर्मेलिन की मिलावट की आशंका
पटना: बिहार की राजधानी पटना में दूध, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता पैदा करने वाला मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पटना जिले के बख्तियारपुर में एक पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर फॉर्मेलिन नामक खतरनाक रसायन बरामद किया है। इस रसायन का इस्तेमाल शवों को लंबे समय तक संरक्षित रखने और औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। आशंका है कि डेयरी उत्पादों को खराब होने से बचाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग की कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 130 लीटर फॉर्मेलिन बरामद किया। इसके अलावा 214 किलोग्राम घी जब्त किया गया। अधिकारियों ने 635 किलोग्राम क्रीम, 360 किलोग्राम पनीर और 400 लीटर दूध को नष्ट करवाया। कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों ने डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और उनके निर्माण की प्रक्रिया को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। जिसमें फॉर्मेल्डिहाइड होता है। इसका इस्तेमाल प्रयोगशालाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और शवों को संरक्षित रखने के लिए किया जाता है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार, बिक्री के लिए तैयार दूध और डेयरी उत्पादों में इस रसायन की मिलावट प्रतिबंधित है। इसका सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकता है।
दूध और पनीर को सामान्यतः पौष्टिक खाद्य पदार्थों में गिना जाता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से इनका सेवन करते हैं। शरीर को प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व उपलब्ध करवाने के लिए दूध तथा उससे बने उत्पादों को दैनिक आहार में शामिल किया जाता है। ऐसे में इन खाद्य पदार्थों में हानिकारक रसायनों की मिलावट जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
पटना में फॉर्मेलिन की मिलावट से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। सितंबर 2026 में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दानापुर के भट्टीपर पीपा पुल के समीप दूध और पनीर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान सात नमूनों की जांच में दूध के एक नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी पाई गई थी। विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 180 लीटर दूध नष्ट करवाया था। इसके अलावा पटना के फतुहा क्षेत्र में भी दूध और पनीर की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान चलाया गया था। बिहार के अन्य जिलों में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी डेयरी उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई की है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से खाद्य पदार्थों के निर्माण और वितरण की नियमित निगरानी की आवश्यकता बढ़ गई है।
फॉर्मेलिन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने से मुंह और गले में जलन, पेट दर्द, उल्टी और पाचन संबंधी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। अधिक मात्रा में इसके संपर्क में आने से शरीर के आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। स्वास्थ्य पर पड़ने वाला प्रभाव रसायन की मात्रा और संपर्क की अवधि पर निर्भर करता है।
मिलावटी दूध और पनीर की पहचान केवल उनके रंग, स्वाद अथवा गंध के आधार पर करना हमेशा संभव नहीं होता। कई बार देखने में सामान्य लगने वाले खाद्य पदार्थों में भी हानिकारक तत्व मौजूद हो सकते हैं। ऐसे में प्रमाणित प्रयोगशाला में जांच ही मिलावट की पुष्टि का विश्वसनीय माध्यम है। उपभोक्ताओं को दूध और पनीर खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विश्वसनीय और पंजीकृत विक्रेताओं से डेयरी उत्पाद खरीदना चाहिए। पैकेटबंद उत्पादों पर निर्माण की तारीख, इस्तेमाल की अंतिम तारीख और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर की जांच करनी चाहिए। हालांकि, केवल लाइसेंस नंबर होने से किसी उत्पाद की शुद्धता की गारंटी नहीं मिलती है।
यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो तो उसका सेवन करने से बचना चाहिए। संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। संदिग्ध खाद्य पदार्थ खाने के बाद पेट में तेज दर्द, उल्टी अथवा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण समय-समय पर राज्यों को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश देता है। दूध संग्रह केंद्रों, डेयरी इकाइयों और खुदरा प्रतिष्ठानों की निगरानी के माध्यम से मिलावट पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाता है।
पटना के बख्तियारपुर में हुई कार्रवाई ने एक बार फिर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को सामने ला दिया है। मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण के लिए निर्माण इकाइयों की नियमित जांच, नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है। फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में संदिग्ध डेयरी उत्पादों को नष्ट करने के साथ घी जब्त किया गया है। अब प्रयोगशाला जांच और आगामी विभागीय कार्रवाई पर निगाहें टिकी हुई हैं। जांच के निष्कर्षों से स्पष्ट होगा कि किन उत्पादों में हानिकारक रसायनों की मिलावट की गई थी।