Bihar बिहार: गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के झझवा गांव के समीप अज्ञात बदमाशों ने थावे के थोक चावल व्यवसायी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भागने में सफल रहे। मृतक की पहचान जिले के थावे थाना क्षेत्र के थावे बाजार निवासी काशीनाथ प्रसाद के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार को व्यवसायी बाइक से मोहम्मदपुर बरौली, सिधवलिया आदि क्षेत्रों में पिछला बकाया वसूलने गया था। इसी बीच लौटते समय मांझा थाने के झझवा गांव के समीप एनएच 27 पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने व्यवसायी के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान व्यवसायी की मौत हो गई। वहीं मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।