Bihar Murder: पहाड़ी पर मिला अज्ञात युवती का शव, दुष्कर्म और हत्या की आशंका
Bihar Murder : सासाराम नगर निगम के चांदतन पहाड़ी से शनिवार को पुलिस ने एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया है. सुनसान पहाड़ी पर झाड़ियों के बीच मिली युवती का शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और ऐसी स्थिति में है कि उसकी पहचान करना मुश्किल है. घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पहाड़ी पर स्थित मजार से करीब 500 मीटर दूर पुलिस ने शव बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह कुछ लोग चांदतन पहाड़ी पर टहलने गए थे. इस दौरान मजार से पूरब करीब 500 मीटर की दूरी पर उन्हें दुर्गंध आने लगी तो उन्होंने आगे जाकर देखा तो झाड़ियों के बीच युवती का शव देख सभी के होश उड़ गए|
इसके बाद लोगों ने सासाराम मुफस्सिल थाने को सूचना दी और सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और पहचान के लिए सदर अस्पताल स्थित कोल्ड स्टोरेज में रख दिया. चांदतन पहाड़ी से बरामद युवती का शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव का अधिकांश हिस्सा जंगली जानवरों या कुत्तों ने खा लिया है और चेहरा भी पूरी तरह सड़ चुका है, जिसके कारण शव की पहचान करना अब पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। हालांकि युवती के शव से बरामद फटे कपड़े और डीएनए सैंपल से पुलिस को उसकी पहचान करने में मदद मिल सकती है।
युवती का शव बरामद होने के बाद आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि मौत का समय और कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा, लेकिन फिर भी पहाड़ी के सुनसान इलाके से बरामद शव ने कई सवालों को जन्म दे दिया है। दरअसल, इन पहाड़ी इलाकों में आमतौर पर लोग घूमते नजर नहीं आते और इससे पहले भी इन इलाकों से हत्या, दुष्कर्म जैसी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में क्या सामने आता है।