Bihar बिहार: सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ज्वाला सिंह हर दिन की तरह मजदूरी के लिए बाइक से घर से निकले थे, इसी बीच तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिवार गम में डूबा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ज्वाला सिंह जैसे ही गांव से निकलकर सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। ज्वाला सिंह के पिता नरेश सिंह ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जो मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।