Bihar : होटल संचालक की गुंडागर्दी

Update: 2025-08-28 02:08 GMT
Bihar बिहार: पूर्णिया में एक होटल संचालक की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मामूली विवाद में एक टोटो चालक की दिनदहाड़े बेरहमी से पिटाई की गई। यह घटना शहर के लाइन बाजार स्थित झंडा चौक के पास हुई।
पीड़ित टोटो चालक रूपेश यादव, जो मधुबनी मंझली चौक का निवासी है, प्रतिदिन टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। मंगलवार को जब वह झंडा चौक से गुजर रहा था, तभी उसका टोटो एक बाइक से मामूली रूप से टकरा गया। बाइक दिल्ली दरबार होटल के मालिक की थी। रूपेश के अनुसार, वह तुरंत नीचे उतरा और माफी मांगी, लेकिन होटल मालिक ने पहले उसे गाली दी और फिर बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। रूपेश रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी उसे तब तक पीटते रहे जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिटाई के बाद आरोपी ने धमकी दी कि मैं दिल्ली दरबार होटल का मालिक हूँ। जिसे बुलाना है बुला लो, जिस थाने जाना है चले जाओ, मैं सब संभाल लूँगा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके के अन्य टोटो चालक आक्रोशित हो गए। उन्होंने झंडा चौक सड़क जाम कर दिया और आरोपी होटल मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर खजांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित चालकों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने घायल रूपेश यादव का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News