supaul सुपौल : सुपौल में शनिवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया जब पटना से अररिया जा रही एक तेज रफ्तार बस एनएच-27 पर खड़ी ट्रक में पीछे से जा टकराई।
यह हादसा भुतहा झिटकी के समीप हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही सुपौल और मधुबनी जिले की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को पहले निर्मली अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ड्राइवर को चलती बस में नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। बस में अधिकांश यात्री सुपौल और अररिया जिले के रहने वाले थे, जबकि दो यात्री पटना और दो छपरा जिले से सवार थे। फिलहाल पुलिस ने बस और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।