Bihar बिहार: बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के खरगपुरा गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के 55 वर्षीय किसान विमलेश्वर तिवारी की हत्या की खबर मिली. रात में वे अपने दरवाजे पर सोए हुए थे, लेकिन सुबह उनका शव घर के सीढ़ी वाले कमरे के बगल में खून से लथपथ पड़ा मिला. मृतक की पहचान गांव निवासी विमलेश्वर तिवारी, पिता स्व राजकिशोर तिवारी के रूप में हुई है|
गांव की कुछ महिलाओं के अनुसार विमलेश्वर तिवारी को सुबह करीब 4 बजे दरवाजे के पास लगे नल से पानी पीते देखा गया था. इसके बाद वे घर के अंदर चले गए, लेकिन उसके कुछ ही देर बाद उनकी हत्या कैसे हो गई- यह रहस्य बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ धीरज कुमार, थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह और एसएफएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है|
एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. हत्या की खबर से गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है और लोग चर्चा कर रहे हैं कि गांव में ऐसा जघन्य अपराध कैसे हो गया। सभी को उम्मीद है कि पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी।