Bihar : मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के बखरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर रात में ऑटो में सीएनजी भरवाने के दौरान अचानक टैंक में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और आसपास खड़े लोगों में भगदड़ मच गई।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो चालक गैस भरवा रहा था और इस दौरान उसने सभी यात्रियों को पहले ही ऑटो से नीचे उतार दिया था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। विस्फोट के बाद ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय सीएनजी ऑटो के आसपास खड़े कई यात्री ब्लास्ट में उड़े ऑटो के पार्ट्स से घायल हो गए। पंप पर मौजूद स्टाफ को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। वहीं एक यात्री का सिर गंभीर रूप से फट गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि टैंक में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मियों और ऑटो चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
सीएनजी ऑटो चालक ने बताया कि उसने वाहन तीन माह पहले खरीदा था। वह जीरोमाइल से मैठी के लिए सवारियां बैठाकर बखरी पहुंचा था। फ्यूल लेने के लिए सभी यात्रियों को उतारने के बाद वह गैस भरवा रहा था, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज हुई और ऑटो के परखच्चे उड़ गए। देखते ही देखते ऑटो के पुर्जे अलग हो गए। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।