Bihar Crime: बाइक छीनने की कोशिश कर रहे युवक पर बदमाशों ने चलाई गोली

Update: 2025-03-06 04:16 GMT
Bihar Crime: पुलिस ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने एक युवक की मोटरसाइकिल लूटने के दौरान उसे गोली मार दी। घटना एसएच-78 पर भंडारी मोड़ की है, जहां तीन बदमाशों ने युवक को घेर लिया और उसकी बाइक छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और युवक की बाइक लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार गोली लगने से घायल युवक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के पैठना गांव निवासी अभिषेक राज (22) के रूप में हुई है। वह अलीपुर गांव से रहुई बाजार जा रहा था, तभी भंडारी मोड़ के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया और लूटने का प्रयास किया। अभिषेक ने जब बाइक देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उसके दाहिने पैर में घुटने के ऊपर गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को रहुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अभिषेक राज कौशल विकास केंद्र रहुई में काम करता है और वह रोजाना इसी रास्ते से बाजार जाता था। इस घटना के संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि तीन बदमाशों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
बढ़ते अपराध से लोग दहशत में
इस घटना के बाद रहुई और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Tags:    

Similar News