Bihar: शिवहर इंजिनियरिंग कालेज में पढ़ाई कर रहे दरभंगा निवासी बीटेक छात्र आदित्य मिश्रा की संदेहास्पद मौत हो गई। वह अपने दोस्त आशीष कुमार के कमरे में सोया हुआ था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। आदित्य अपने माता पिता की इकलौती संतान था।
जानकारी के अनुसार लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर मोहल्ला निवासी अजय कुमार मिश्रा का बेटा आदित्य मिश्रा शिवहर इंजिनियरिंग कालेज में कम्प्यूटर साइंस के फाइनल ईयर का छात्र था। वह सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम स्थित एक किराये के मकान में रहता था। बताया गया है कि मंगलवार की रात वह छतौना बाजार स्थित अपने दोस्त आशीष कुमार के कमरे पर गया था। वहीं रात में वह सो गया। बुधवार की दोपहर तक जब आदित्य नहीं उठा तो आशीष ने उसे जगाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद भी जब वह नहीं उठा तो आशीष ने कालेज के प्रिंसिपल को सूचना दी।
घटना की सूचना आदित्य के पिता अजय कुमार मिश्रा को दी गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। गुरुवार की दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि आशीष दो दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था।घटना के बाद से आदित्य की मां और परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। मां बार बार बेहोश हो जा रही है। परिजन और आसपास के लोग उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं। आदित्य के पिता दरभंगा में दवा कारोबारी हैं। गुरुवार को शव को शिवहर से दरभंगा लाया गया। वहां से अंतिम संस्कार के लिए सिमरिया ले जाया गया है। परिवार वाले अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।