Bihar बिहार: बिहार के कटिहार जिले में गंगा नदी में एक बार फिर बड़ी नाव दुर्घटना हुई है. छोटी नाव पर सब्जी लेकर जा रहे 35 किसान नाव पलटने से गंगा नदी में डूब गए. गनीमत रही कि पास में ही कुछ मछुआरे मछली पकड़ रहे थे, जिन्होंने सभी को बचा लिया. घटना अमदाबाद थाना क्षेत्र के गदाई दियारा में हुई. बताया जाता है कि गंगा के दियारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर परवल की खेती होती है. किसान परवल तोड़कर नाव के सहारे गंगा नदी मार्ग से मनिहारी ले जा रहे थे. इसी बीच सोमवार को तेज हवा के कारण नाव पलट गई. नाव पलटने के बाद सभी किसानों ने परवल की टोकरी के सहारे खुद को डूबने से बचाया और चिल्लाने लगे|
आवाज सुनकर नाव के सहारे मछली पकड़ रहे 4 युवकों ने एक-एक कर सभी 35 किसानों को बचा लिया. घटना के संबंध में मेघू टोला गांव के युवक कुंदन, लालू, दशरथ और गोविंद ने बताया कि वे लोग गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहे थे, तभी उनकी आंखों के सामने आ रही नाव पलट गई। उन्होंने चिल्लाकर दूसरे नाविक को मौके पर आने को कहा, जिसके बाद उसने 12-13 लोगों को पानी से निकालकर अपनी नाव पर बैठाया। जब दूसरी नाव आई तो अन्य लोगों को नदी से बाहर निकाला गया। कुछ किसानों की सब्जी से भरी टोकरियां पानी में तैर रही थीं, उन्हें भी बाहर निकाला गया।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और नाव परिचालन को लेकर सुरक्षा निर्देशों की समीक्षा की जा रही है। अभी हाल ही में जनवरी में अमदाबाद के मेघू टोला में गंगा नदी में सकरी जाने के दौरान नाव दुर्घटना हुई थी, जिसमें 17 लोग डूब गए थे। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा था कि क्षमता से अधिक नाव परिचालन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बावजूद इसके क्षमता से अधिक नावों का परिचालन बेरोकटोक जारी है।