Bihar: सड़क किनारे टहल रहे बुजुर्ग को वाहन ने कुचला, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Bihar बिहार: नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. रविवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए अधेड़ की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके विरोध में सोमवार की सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बिहटा-सरमेरा टू-लेन सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम रखा. जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के बलवन गांव निवासी स्वर्गीय रामवृक्ष यादव के 50 वर्षीय पुत्र वसंत यादव के रूप में हुई है|
परिजनों के अनुसार वसंत यादव हर दिन की तरह रविवार की शाम सड़क किनारे टहलने निकले थे, तभी परासी और मुजफ्फरपुर गांव के बीच अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. घटना के तुरंत बाद डायल 112 पुलिस ने उन्हें नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल और फिर पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. वहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई. सुबह जब गांव में वसंत यादव की मौत की खबर फैली तो परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को बिहटा-सरमेरा टू-लेन सड़क पर रखकर यातायात को पूरी तरह से बाधित कर दिया।
उनकी मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और दुर्घटना करने वाले चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने परिजनों से बात की और कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।