Bihar Accident: रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के मोर गांव के पास चलती ऑटो पर ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है. घटना बुधवार की देर शाम नेशनल हाईवे-19 पर घटित बताई जा रही है और इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि करूप गांव के चार लोग ऑटो पर सवार होकर नेशनल हाईवे 19 पर अपने गांव लौट रहे थे, तभी मोर गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ऑटो पर पलट गया. इसमें ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. मृतकों में ऑटो चालक सासाराम के वार्ड नंबर 40 निवासी विजय शंकर जायसवाल के 40 वर्षीय पुत्र कोमल कुमार जायसवाल और शिवसागर थाना क्षेत्र के करूप गांव निवासी निर्मल पासवान के 18 वर्षीय पुत्र छोटे कुमार शामिल हैं|
घायलों में करूप गांव निवासी संतोष कुमार के 19 वर्षीय पुत्र सिकंदर कुमार और अशोक पासवान के पुत्र अमरेंद्र कुमार शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार एनएचएआई में चल रहे निर्माण कार्य के लिए मिट्टी लदा ट्रक सासाराम की ओर जा रहा था और विपरीत दिशा से एक ऑटो आ रहा था। जैसे ही ट्रक ने करूप मोड के पास मुड़ने की कोशिश की तो वह अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया और ट्रक के पलटने के बाद ऑटो में सवार सभी चार लोग दब गए। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोग दौड़े और एनएचएआई की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची, जिसके बाद ट्रक को सीधा किया गया और अंदर दबे ऑटो में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। इसमें चालक और एक ऑटो सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि एनएचएआई की टीम और पुलिस ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम आशुतोष रंजन ने बताया कि ऑटो में सवार दो लोगों की मौत हो गई है, जिनका पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के आश्रितों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया चल रही है तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्र को लेकर एनएचआई के अधिकारियों से भी बात की गई है। घटना के बाद घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक कोहराम मच गया। मृतक के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे तथा लोग घायलों के बेहतर इलाज को लेकर चिंतित रहे।
हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जल्द ही हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, अनियंत्रित ट्रक के ऑटो पर पलट जाने से मोर सराय गांव से लेकर बेदा नहर तक जाम लग गया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण ऑटो पर पलटे ट्रक को हटाया गया, जिसके बाद सामान्य यातायात बहाल हो सका।