Bihar Accident : पटना में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें दंपत्ति समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है. घटना पटना के जगदेव पथ पर हुई. लोगों का कहना है कि घटना होते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन लोग तमाशबीन बनकर मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की. इससे दंपत्ति समेत तीन लोगों की मौत हो गई. मृतक दंपत्ति की पहचान एम्स नवादा निवासी अशोक कुमार (50) और उनकी पत्नी पुष्पा देवी (45) के रूप में हुई है|
घटना के संबंध में मृतका पुष्पा देवी के भाई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि अशोक कुमार उनके साढ़ू हैं. उनकी हार्डवेयर की दुकान है. दोनों पति-पत्नी अपनी दुकान से घर लौट रहे थे. तभी जगदेव पथ पर पिलर संख्या 9 के पास बिहार सरकार लिखी सफारी कार ने ऑटो और उनकी बाइक को टक्कर मार दी. इस घटना में अशोक कुमार और पुष्पा देवी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के वक्त पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव एक निजी शादी समारोह से लौट रहे थे और वहां से गुजर रहे थे. लोग घटनास्थल पर अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे. लेकिन पप्पू यादव ने तुरंत सभी घायलों को अपनी निजी गाड़ी से आईजीआईएमएस अस्पताल पहुंचाया|
अस्पताल पहुंचते ही वहां की अव्यवस्था देख भड़क गए और अपने समर्थक से कहा कि यहां अस्पताल में कोई स्टाफ और डॉक्टर नहीं है क्या मनीषा मंडल को बुलाओ. यह सुनते ही अस्पताल के कर्मचारी दौड़े और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. सांसद पप्पू यादव ने अस्पताल के डॉक्टरों से भी बात की और सुनिश्चित किया कि घायलों को समुचित इलाज मिले. जानकारी के मुताबिक इस घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक दंपत्ति भी शामिल है. बताया जा रहा है कि सफारी गाड़ी में सवार सभी लोग नशे में थे. लोगों का यह भी कहना है कि बाइक और ऑटो को टक्कर मारने वाली सफारी गाड़ी में भी शराब थी. फिलहाल पुलिस ने उन लोगों को हिरासत में ले लिया है और गाड़ी को जब्त कर लिया है|
Tags: