Bihar Accident: बिहार में सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां छपरा आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे दस से अधिक यात्री घायल हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर काफी चीख-पुकार मच गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक निजी बस यात्रियों को लेकर मलमलिया से छपरा आ रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 331 पर डाक बंगला के पास सामने से आ रही एक ई-रिक्शा से बचने के प्रयास में बस बिजली के खंभे से टकराकर 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के सभी पहिए ऊपर की ओर हो गए और यात्री उसके नीचे दब गए। इस घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेफरल अस्पताल प्रशासन से संपर्क स्थापित कर सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। बस को जब्त कर लिया गया है।
चूंकि ड्राइवर के केबिन में शराब मिली है, इसलिए पुलिस को संदेह है कि ड्राइवर नशे में था। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
Tags: