Aurangabad औरंगाबाद: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. वे आए दिन हत्या, लूट जैसी बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला औरंगाबाद जिले से सामने आया है, जहां बदमाशों ने शुक्रवार को एक डाकघर से दो लाख 43 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक मामला जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के सिहाड़ी उप डाकघर का है|
घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिहाड़ी उप डाकघर में छह अपराधियों ने धावा बोला. इसके बाद अपराधियों ने उप डाकघर के कर्मचारियों को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया और दो लाख 43 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस लूट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है|