Aurangabad औरंगाबाद: दो साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह हसपुरा थाना क्षेत्र के धमनी टोला शंभो बिगहा का रहने वाला है। मृतक बच्चे की पहचान उसी गांव निवासी दीपू कुमार के पुत्र देवा कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घर के बगल में एक सरकारी तालाब है। तालाब के किनारे अन्य बच्चे खेल रहे थे। घर के बगल में तालाब होने के कारण मौसम भी तालाब के किनारे आता-जाता था। गुरुवार की सुबह वह तालाब के किनारे खेलने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया।
इसके बाद बच्चा तालाब में गिर गया, जहां गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने जब खोजबीन शुरू की तो उसका शव तालाब में तैरता हुआ दिखा। इसके बाद काफी शोर मचा। शोर सुनकर अन्य लोग पहुंचे और उसे तालाब से बाहर निकाला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने घटना की सूचना हसपुरा थाने की पुलिस को दी, जिसके आलोक में पुलिस पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा है। घटना की खबर मिलते ही राजद नेता व पूर्व मुखिया सोनम कुशवाहा वहां पहुंचे और रोते-बिलखते परिजनों को सांत्वना दी। सोनम कुशवाहा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। मृतक का परिवार बेहद गरीब है। पता चला कि मृतक बच्चे दीपू के पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। उनकी मां सोनी कुमारी, दादा अयोध्या सिंह समेत अन्य परिजन बेहद दुखी हैं।