Patna में दहेज हत्या का आरोप, लोको पायलट पति और देवर पर पत्नी की हत्या का केस दर्ज
Patna, पटना: Patna के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू प्रगति नगर में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक लोको पायलट ने अपने भाई के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और बाद में इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। मृतका की पहचान 30 वर्षीय जूली सिंह के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को पंखे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शव को ठिकाने लगाने के इरादे से आरा के सिन्हा घाट तक ले गया था। लेकिन पुलिस की सक्रियता देखकर शव को नदी किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। बाद में पुलिस और परिवार की तलाश के दौरान शव बरामद किया गया। मृतका के पिता रणजीत सिंह ने बताया कि जूली की शादी वर्ष 2017 में मनोरंजन सिंह से हुई थी। शादी में उनकी क्षमता के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन बेटी होने के बाद से जूली को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति अक्सर अतिरिक्त पैसे की मांग करता था और मना करने पर मारपीट करता था।
परिवार के अनुसार, सोमवार को पति और देवर ने पहले सुबह और फिर दोपहर में जूली के साथ मारपीट की। आरोप है कि बाद में दोनों ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता के बयान पर पुलिस ने पति और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।