25 लाख का मंदिर, अनोखी प्रेम कहानी

Update: 2026-06-30 15:05 GMT

बेतिया/पश्चिम चंपारण: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड में एक अनोखी और भावनात्मक पहल देखने को मिली है, जहां सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक आचार्य पंडित देवदत्त पांडे ने अपनी दिवंगत पत्नी की स्मृति में 25 लाख रुपये की लागत से मंदिर का निर्माण कराया है। इस मंदिर में उनकी पत्नी स्वर्गीय सावित्री पांडेय की प्रतिमा स्थापित की गई है। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा और अनावरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार, यह मंदिर मझौलिया प्रखंड की महोदीपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह में बनाया गया है। मंदिर का निर्माण लगभग छह महीने पहले पूरा किया गया था। प्रतिमा को जयपुर से विशेष रूप से तैयार कराकर मंगाया गया, जिसे पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और भावपूर्ण माहौल में दिवंगत शिक्षिका को याद किया। पूरा आयोजन धार्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां वेद मंत्रों की ध्वनि से वातावरण गूंज उठा।

आचार्य पंडित देवदत्त पांडे पूर्व में सुगौली हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे और 31 जनवरी 2010 को सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी स्वर्गीय सावित्री पांडेय भी शिक्षिका थीं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, दोनों ने अपना जीवन शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा को समर्पित किया था। पत्नी के निधन के बाद उनकी स्मृति को स्थायी रूप देने के लिए मंदिर निर्माण का निर्णय लिया गया। इस निर्माण कार्य में परिवार के सभी सदस्यों ने सहयोग किया। उनके दोनों पुत्र और बहुएं सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। बड़ा पुत्र भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हो चुका है। परिवार ने मिलकर इस पहल को पूरा किया।

ग्रामीणों ने इस पहल को एक अनोखा उदाहरण बताया। लोगों का कहना है कि यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह पति-पत्नी के गहरे प्रेम, सम्मान और समर्पण का प्रतीक भी है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा बन सकती है कि रिश्तों की स्मृतियों को कैसे सम्मानपूर्वक जीवित रखा जा सकता है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी शामिल हुए। इनमें चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन, नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय, सुगौली विधायक बबलू गुप्ता, बेतिया के पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी, भाजपा नेता राहुल कुमार और बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भोट चतुर्वेदी ने की जबकि संचालन पूर्व शिक्षक वशिष्ठ नारायण उपाध्याय ने किया। समारोह में मौजूद अतिथियों का स्वागत मृत्युंजय पांडेय ने अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लेकर स्वर्गीय सावित्री पांडेय को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह पूरा आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे भावनात्मक जुड़ाव और श्रद्धा का अनोखा उदाहरण मान रहे हैं।

Tags:    

Similar News