पटना: विक्रम इलाके में महिला आरक्षी श्रुति कुमारी के पति राज आर्या की गोली लगने से मौत के बाद पटना एम्स का माहौल गमगीन हो गया। पति की मौत की खबर सुनते ही श्रुति बदहवास हो गईं। वह बार-बार पति से मिलने की जिद करती रहीं और कई बार बेसुध होकर गिर पड़ीं।
रिपोर्ट के मुताबिक श्रुति के कपड़ों पर पति का खून लगा हुआ था। होश में आते ही वह बार-बार राज को बुलाने की बात कह रही थीं। उनके साथ मौजूद महिला सहयोगी लगातार उन्हें संभालने और शांत कराने की कोशिश करती रही। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों ने भी उनसे घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया। दूसरी ओर एम्स ट्रामा सेंटर के अंदर राज आर्या का शव रखा हुआ था। बेटे की मौत से सदमे में आए उनके पिता शव के पास खड़े रहे और फोन पर रिश्तेदारों तथा परिचितों को घटना की जानकारी देते रहे। जवान बेटे की मौत की खबर बताते हुए उनकी आवाज बार-बार भर्रा रही थी।
पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राज आर्या की मौत उनकी पत्नी श्रुति कुमारी की सर्विस रिवाल्वर से चली गोली लगने से हुई बताई गई है। पुलिस शुरुआती तौर पर मामले को आत्महत्या मान रही है, लेकिन हत्या समेत दूसरे पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और सर्विस रिवाल्वर से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। राज आर्या और श्रुति कुमारी के फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं, जिनकी हथियार से मिले निशानों के साथ तुलना की जाएगी। पुलिस गोली की दिशा, हथियार के इस्तेमाल और घटनास्थल की परिस्थितियों की वैज्ञानिक जांच कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन श्रुति ड्यूटी पर नहीं गई थीं और पति-पत्नी घर में ही मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने किसी अंतिम निष्कर्ष की घोषणा नहीं की है। एफएसएल, बैलिस्टिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। इस बीच परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा बन गई है। एक ओर पत्नी पति को देखने की गुहार लगा रही थी, तो दूसरी ओर पिता बेटे के शव के पास रिश्तेदारों को उसकी मौत की खबर दे रहे थे। अब परिवार के साथ-साथ पुलिस की नजर भी फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है।
Tags: