मुजफ्फरपुर न्यूज़: स्पेशल ट्रेन में यात्रा के लिए यात्रियों को अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी. होली के अवसर पर अगले माह से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में यात्रा के लिए प्रति एक हजार किमी पर करीब सौ रुपये से लेकर तीन सौ रुपये तक अतिरिक्त किराया चुकाना होगा.

मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस से यात्रा के लिए स्लीपर बोगी में 535 रुपये चुकाने पड़ते हैं. वहीं, अगले माह मुजफ्फरपुर व आनंद विहार के बीच चलने वाली होली स्पेशल ट्रेन संख्या 04047 व 04048 एक्सप्रेस में दोनों स्टेशनों के बीच स्लीपर कोच में यात्रा करने पर 650 रुपये देने पड़ेंगे. इससे जाहिर है कि स्पेशल ट्रेन से आनंद विहार की यात्रा करने पर यात्रियों को सामान्य ट्रेनों से 115 रुपये अधिक चुकाने होंगे. वहीं, स्पेशल ट्रेन के थ्री टियर एसी बोगी से मुजफ्फरपुर व आनंद विहार तक की यात्रा पर 1720 रुपये खर्च करने होंगे जबकि नियमित ट्रेन सप्तक्रांति एक्सप्रेस से यात्रा करने पर महज 1400 रुपये लिए जाते हैं. एसी थ्री टियर से आनंद विहार तक की यात्रा करने पर यात्रियों को 320 रुपये अतिरिक्त चुकाना पड़ रहा है.

होली पर चलेंगी 24 स्पेशल ट्रेनें

होली को लेकर अगले माह 24 स्पेशल ट्रेनें चलेगी. इसमें अप व डाउन मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन, जयनगर-एलटीटी स्पेशल ट्रेन, रक्सौल-हावड़ा स्पेशल ट्रेन, आनंद विहार-सहरसा स्पेशल ट्रेन, आनंद विहार-जयनगर स्पेशल ट्रेन, बरौनी-दिल्ली स्पेशल, दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल व सीतामढ़ी-धनबाद स्पेशल आदि ट्रेनें शामिल है

Tags: