Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में सेला पास झील में केरल के दो पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे में एक शख्स को जिंदा बचा लिया गया. इस मामले में जंग एडीसी से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर ढ़ाई बजे के करीब हुई|घटना के बाद तुरंत बचाव और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. जंग रेवेन्यू सर्कल के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर एडीसी हकरासो कारी ने ईटीवी भारत को फोन पर बताया कि केरल के सात टूरिस्ट का एक ग्रुप झील के पास प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहा था, तभी यह हादसा हुआ. जिला प्रशासन को घटना की जानकारी दोपहर करीब 3:15 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया|
इस घटना के बाद जंग एडीसी खुद मौके पर पहुंचे. एडीसी के मुताबिक, इस हादसे में कृष्ण दास नाम के पर्यटक को बचा लिया गया है, जबकि दो लोग झील में डूब गए. उन्होंने बताया कि, एक टूरिस्ट का शव बरामद कर लिया गया है. मृत व्यक्ति की पहचान इनर लाइन परमिट (ILP) के जरिए की गई. मरने वाले शख्स का नाम बिलो प्रकाश बताया जा रहा है|
वहीं, दूसरे टूरिस्ट का शव, जिसकी पहचान ILP में माधव एम के तौर पर हुई, अभी तक बरामद नहीं हुई है. रात होने की वजह से, रेस्क्यू ऑपरेशन कुछ समय के लिए रोक दिया गया था. जंग एडीसी ने आगे कहा कि एसएसबी के जवानों ने पहले झील तक जाने पर रोक लगा दी थी. प्रशासन ने चेतावनी वाले साइनबोर्ड लगा दिए थे. इन पाबंदियों के बावजूद, टूरिस्ट इलाके में घुस गए. उन्होंने आगे कहा कि झील में गिरे पहले व्यक्ति को बचाने की कोशिश में दो लोग डूब गए|
वहीं पहले व्यक्ति को बचा लिया गया| एडीसी ने बताया कि ऑपरेशन शनिवार सुबह 8:00 बजे फिर से शुरू होगा. इस रेस्क्यू ऑपरेशन में 24 जाट रेजिमेंट, जंग पुलिस और जिला प्रशासन शामिल हैं. वहीं, ITBP, BRO और SSB जैसी एजेंसियां ​​भी इसमें एक्टिव रूप से शामिल हैं|सर्दियों में, सेला झील बर्फ की मोटी परतों से ढकी रहती है, जिससे खतरे का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. इसकी वजह से पहले भी कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जब आधिकारिक एडवाइजरी के बावजूद टूरिस्ट झील के पास फोटो और सेल्फी लेने चले गए थे|
Tags: