Arunachal अरुणाचल : असम के दुलियाजान से लापता तीन नाबालिग लड़कियों को अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया है। वे गलती से नाहरलागुन पहुंच गई थीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। पुलिस अधीक्षक मिहिन गाम्बो ने बताया कि 14 से 15 साल की ये लड़कियां दुलियाजान से तिनसुकिया जाने के इरादे से ट्रेन में सवार हुई थीं, लेकिन 12 मार्च को नाहरलागुन रेलवे स्टेशन पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने उन्हें ढूंढ निकाला और नाहरलागुन के ओजू शेल्टर होम में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। दुलियाजान पुलिस को सूचित किया गया और लड़कियों के माता-पिता का पता लगाया गया। एसपी गाम्बो ने बताया कि शुक्रवार को पापू हिल्स पुलिस स्टेशन में उन्हें उनके परिवारों से मिलवाया गया।