परिवार के साथ तीन ठंडी खूबसूरत जगहों पर घूम आइए

Update: 2024-05-22 14:24 GMT
लाइफस्टाइल : परिवार और बच्चों के साथ घूमने जाना है किसी ठंडी जगह  इन तीन खूबसूरत जगहों पर घूम आइए गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए परिवार और बच्चों के साथ बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं? ऐसे में फिर आपको ठंडी जगहों पर जाना चाहिए, जिससे कि आपका घूमना-फिरना भी हो जाए और परिवार से साथ आपको भी गर्मी से परेशान न होना पड़े। हम अकसर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड घूमने के लिए निकल जाया करते हैं। मगर अपने देश में कुछ ऐसी और भी जगहें हैं जहां पर गर्मियों में आप जा सकते हैं और हिमाचल की ठंड का अनुभव भी ले सकते हैं। आज हम उन्हीं कुछ जगहों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तो घूमने के लिए बेस्ट जगहें हैं हीं। मगर इन जगहों के अलावा बेंगलुरु, शिलॉन्ग, ऊटी और श्रीनगर जैसी जगहें भी घूमने लायक हैं। गर्मियों के दिनों में यहां पर आपको सूरज का प्रकोप नहीं झेलना पड़ेगा। गर्मी के मौसम में इन जगहों का तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के तक रहता है। ऐसे में हम आज आपको तीन ऐसी बेस्ट जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आपको ठंडा तो महसूस होगा ही। मगर आपको वहां की वादियों से भी प्रेम हो जाएगा। आइए जानते हैं कौन सी हैं वे तीन घूमने लायक जगहें :-
सिक्किम
गर्मियों में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन जगहों में से एक सिक्किम भी है। यहां पर जून के महीने में 15 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहता है। ऐसे में आपको यहां जाने पर मजा आने वाला है। मई भर और जून के मध्य तक यहां पर घाटी कई रंगों के फूलों से लद जाती है। इसीलिए इसे फूलों की घाटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां पर आपको घास के मैदान के साथ ही विभिन्न प्रकार के फूल देखने को मिलेंगे। ऐसे में यहां पर जाना आपके लिए यादगार लम्हा साबित हो सकता है।
कन्याकुमारी
बेहतरीन लोकेशन, खूबसूरत मौसम और लुभावनी जगहें। अगर ये सब आपको देखना है तो आप कन्याकुमारी जा सकते हैं। गर्मियों में आपको यहां इसलिए भी जाना चाहिए कि आपको यहां गर्मी का अहसास नहीं होने वाला है। गर्मियों में यहां का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। कन्याकुमारी में तिरुवल्लुवर की मूर्ति, आर लेडी ऑफ रैनसम चर्च, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, कन्याकुमारी बीच और सुनामी स्मारक जा सकते हैं।
लद्दाख
वैसे यह प्रदेश एडवेंचर लवर्स को खूब भाता है। लद्दाख में घूमने के लिए सबसे बेस्ट समय मई से सितंबर का समय होता है। इस दौरान आप वहां जाकर मस्ती कर सकते हैं। यहां पर आपको ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके, साफ झलकती झीलें और ऊंचे पर्वत देखने को मिल जाएंगे। सबसे खास बात जो है वह यह है कि गर्मियों के समय में यहां का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस होता है। जैसे-जैसे रात बढ़ती जाती है यह तापमान और कम होता जाता है। अकसर आपने देखा होगा लद्दाख में बाइकर्स खूब घूमने जाते हैं। ऐसा इसलिए कि यह घूमने के लिए बेहतरीन जगहों में से एक है। लोग दोस्तों के ग्रुप में अकसर निकल जाया करते हैं।
Tags:    

Similar News