Recipe: आप भी लंच में कुछ ऐसा बनाकर तैयार करना चाहती हैं, जो टेस्टी और चटपटा होने के साथ आपकी सेहत का भी ख्याल रखे तो राजस्थानी प्याज की कढ़ी आपकी मदद कर सकती है। कढ़ी की तासीर गर्म होती है, सर्दियों में इसका सेवन आपको सेहत से जुड़े कई फायदे दे सकता है। भारतीय घरों में कढ़ी को कई तरह से बनाकर खाया जाता है, लेकिन राजस्थानी प्याज की कढ़ी का स्वाद बाकी कढ़ी से बिल्कुल अलग है।
राजस्थानी प्याज की कढ़ी बनाने के लिए सामग्री
-1 कप दही
2 बड़े चम्मच बेसन
-1 प्याज
-1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच राई
-2 छोटे चम्मच मेथी दाना
-1 चुटकी हींग
-1 बड़ा चम्मच घी
राजस्थानी प्याज की कढ़ी के तड़के के लिए
1 छोटा चम्मच जीरा
1 बड़ा चम्मच घी
1 छोटा चम्मच खड़ा धनिया
1 साबुत लाल मिर्च
15 कढ़ी पत्ता
राजस्थानी प्याज की कढ़ी बनाने का तरीका
राजस्थानी प्याज की कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दही डालकर उसे अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद दही में बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और जरूरत अनुसार पानी मिलाकर सभी चीजों से घोल तैयार कर लें। अब एक कड़ाही में घी गर्म करके उसमें राई, मेथी दाना डालकर हींग और प्याज डालकर पकाएं। प्याज को तब तक पकाएं जब तक वह नरम न हो जाए। इसके बाद कड़ाही में कढ़ी का मिश्रण डालकर जरूरत अनुसार पानी डालें।
अब कढ़ी को धीमी आंच पर पकने दें। अब कढ़ी में स्वाद अनुसार नमक डालकर 15 मिनट पकने दें। अब गैस बंद कर दें। इसके बाद कढ़ी में तड़का लगाने के लिए एक छोटी कड़ाही में घी गर्म करके उसमें जीरा, साबुत धनिया, कढ़ी पत्ता, साबुत लाल मिर्च डालकर 10 सेकंड तक तड़का तैयार होने दें। इसके बाद गैस बंद करके तड़के को कढ़ी में डाल दें। आपकी टेस्टी राजस्थानी प्याज की कढ़ी बनकर तैयार है। आप इसे रोटी-चावल दोनों के साथ सर्व कर सकती हैं।