मुंबई: अगर रोज के खाने में आलू, पनीर या दूसरी आम सब्जियों से मन ऊब गया है, तो इस बार डिनर में कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। सरसों वाली बेसन की सब्जी स्वाद में देसी और बनाने में आसान है। बेसन के नरम रोल और सरसों-लहसुन की चटपटी ग्रेवी इसका स्वाद खास बना देती है। इसे गरम चावल के साथ परोसा जाए तो खाने का मजा और बढ़ जाता है।
बेसन के रोल के लिए सामग्री
इस सब्जी को तैयार करने के लिए सबसे पहले बेसन के रोल बनाए जाते हैं। इसके लिए आपको चाहिए:
2 कप बेसन
1 कप पानी
2 चम्मच धनिया पत्ती
3 हरी मिर्च
8 लहसुन की कलियां
1/3 चम्मच हल्दी पाउडर
स्वादानुसार नमक
सरसों का मसाला तैयार करने के लिए
ग्रेवी का असली स्वाद सरसों के मसाले से आता है। इसके लिए लें:
4 चम्मच बड़ी सरसों के दाने
25 ग्राम लहसुन
1 चम्मच जीरा
1/2 चम्मच साबुत धनिया
2 इंच अदरक
3-4 हरी मिर्च
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
जरूरत के अनुसार पानी
ग्रेवी के लिए सामग्री
3 टमाटर
2 कप पानी
1/2 कप तेल
2 चम्मच धनिया पत्ती
2 हरी मिर्च
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
ऐसे बनाएं बेसन के रोल
सबसे पहले एक बर्तन में बेसन और पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें कटी धनिया पत्ती, हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ लहसुन, हल्दी और नमक डालें। मिश्रण को अच्छी तरह फेंट लें ताकि इसमें गांठें न रहें।
अब पैन गर्म करके इस मिश्रण से पतले चीले तैयार करें। चीले बन जाने के बाद उन्हें रोल करें और अपनी पसंद के आकार में टुकड़ों में काट लें। इसी तरह सभी चीले तैयार करके अलग रख लें।
सरसों का पेस्ट कैसे बनाएं?
अब मिक्सर जार में बड़ी सरसों के दाने, लहसुन, जीरा, साबुत धनिया, अदरक, हरी मिर्च, हल्दी और थोड़ा पानी डालें। सभी चीजों को पीसकर एक चिकना पेस्ट तैयार कर लें।
ग्रेवी में डालें बेसन के रोल
अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें हरी मिर्च, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर हल्का भूनें। इसके बाद तैयार सरसों का पेस्ट डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। मसाले को तब तक पकाएं जब तक उसमें से तेल अलग दिखाई देने लगे।
इसके बाद टमाटर का पेस्ट डालें और मसाले को अच्छी तरह पकने दें। जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसमें करीब 2 कप पानी डालकर मिलाएं। ग्रेवी को तब तक पकाएं जब तक वह हल्की गाढ़ी न हो जाए।
अब इसमें पहले से तैयार बेसन के रोल डालें और करीब 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें।
चावल के साथ करें सर्व
गरमा-गरम सरसों वाली बेसन की सब्जी तैयार है। इसे ऊपर से धनिया पत्ती डालकर सजाएं और गरम चावल के साथ परोसें। सरसों, लहसुन और मसालों का चटपटा स्वाद इस साधारण बेसन की सब्जी को डिनर के लिए एक अलग और स्वादिष्ट विकल्प बना देता है।
Tags: