Palak Kadhi: गरमा-गरम चावल के साथ कढ़ी मिल जाए तो खाने में मजा आ जाता है. घरों में आमतौर पर कढ़ी पकौड़ा बनाया जाता है. अगर आप कढ़ी पकौड़ा के बजाय कुछ और कढ़ी की रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं तो पालक कढ़ी को बना सकते हैं. आइए इस आर्टिकल से जानते हैं पालक कढ़ी को बनाने का तरीका|
पालक कढ़ी बनाने के लिए सामग्री :
पालक- 1 गुच्छा
दही- 1 कप (फेंटा हुआ)
बेसन- 3-4 बड़े चम्मच
पानी- 2 कप
हल्दी पाउडर- आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
अदरक- 1 चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
हींग- चुटकी भर
तेल- जरूरत के अनुसार
राई- 1 छोटा चम्मच
जीरा- 1 चम्मच
करी पत्ता- 8-10 पत्ते
लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
पालक कढ़ी को कैसे तैयार करें?
पालक कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले आप पालक के पत्तों को अच्छे से साफ कर लें और इसे बारीक काट लें. अब आप एक बर्तन में दही और बेसन को लें और अच्छे से फेंट लें. इस मिश्रण में पानी, हल्दी और नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
अब एक कड़ाही को गर्म करें और इसमें थोड़ा सा तेल डाल दें. इसमें अदरक और बारीक कटा हुआ पालक को डालकर भूनें. जब ये पक जाए तब आप दही-बेसन मिश्रण को डाल दें. इसे आप लगातार चलाते रहें. कढ़ी को आप धीमी आंच पर पकाएं. जब इसमें उबाल आ जाए तब आप गैस को बंद कर दें.
अब कढ़ी में तड़का लगाने के लिए आप एक छोटे पैन में तेल को गर्म करें. इसमें आप राई, जीरा, हींग और करी पत्ता डालें. इसमें आप सूखी लाल मिर्च और आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर को भी डाल दें. कुछ सेकंड के लिए भूनें. तड़का तैयार करने के बाद आप इसे कढ़ी में डाल दें और ढक दें. इस तरह से आप पालक कढ़ी को बना सकते हैं|