Lifestyle लाइफस्टाइल : घर में मीठा बनाना हो तो अधिकतर लोग सूजी, गाजर या लौकी का हलवा बनाते हैं, लेकिन इस बार क्यों न कुछ अलग ट्राई किया जाए? बात हो रही है कद्दू के हलवे की — जी हां, वही कद्दू जो अक्सर सब्जी के तौर पर अनदेखा रह जाता है, अब बन सकता है बच्चों का पसंदीदा मीठा।
पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, कद्दू में विटामिन A, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो बच्चों की आंखों, त्वचा और पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। ऐसे में अगर इसे मीठे रूप में हलवे की शक्ल दी जाए, तो बच्चों को ना सिर्फ स्वाद मिलेगा, बल्कि पोषण भी।
कद्दू का हलवा बनाना भी बेहद आसान है। घिसे हुए कद्दू को थोड़ा देसी घी में भूनें, फिर उसमें दूध, थोड़ी सी चीनी और ड्राई फ्रूट्स डालें। जब मिश्रण गाढ़ा होकर हलवे की शक्ल ले ले, तो ऊपर से इलायची पाउडर डालकर गर्मागर्म परोसें। बच्चों को न सिर्फ इसका रंग और खुशबू आकर्षित करेगी, बल्कि इसका हल्का और क्रीमी स्वाद उन्हें गाजर या लौकी के हलवे को भूलने पर मजबूर कर देगा।