Mindfulness : खुश रहने का एक सरल और प्रभावी तरीका

Update: 2025-06-07 02:18 GMT
Mindfulness : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनिद्रा, तनाव, एंग्जाइटी और बेवजह की चिंता होना आम बात है। ऐसे में कुछ चीजों को अपनी जिंदगी में शामिल करके इसे बेहतर से भी बेहतरीन बनाया जा सकता है। ऐसी ही एक प्रैक्टिस है माइंडफुलनैस, जिसे हिंदी में सजगता या पूर्ण जागरूकता कहा जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि माइंडफुलनैस हमें वर्तमान में जीना सिखाता है, जिससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इसे रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करने के लिए बस कुछ मिनट का अभ्यास ही काफी है। माइंडफुलनैस का अभ्यास शुरू में मुश्किल लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे इसे अपनी आदत बनाने से और प्रतिदिन 5-10 मिनट का अभ्यास भी बड़ा बदलाव ला सकता है।
माइंडफुलनैस का अर्थ है अभी और यहीं पर फोकस करना। यह आपके दिमाग को शांत करता है और तनाव, चिंता या बेचैनी को कम करने में मदद करता है। इसे उदाहरण के तौर पर ऐसे समझ सकते हैं, मान लीजिए, आप चाय पी रहे हैं। माइंडफुलनैस का अभ्यास करने के लिए चाय की गर्मी, उसकी खुशबू और स्वाद को महसूस करें। अपने दिमाग को भटकने न दें। इससे आप शांत और तरोताजा महसूस करेंगे।माइंडफुलनैस के एक नहीं, कई फायदे हैं। यह दिमाग को शांत करके तनाव और चिंता को कम करता है। एकाग्रता बढ़ाता है, जिससे आप अपने काम पर बेहतर ध्यान दे पाते हैं।
यह आपको अपनी भावनाओं को समझने और नियंत्रित करने में मदद करता है। प्रतिदिन केवल 5-10 मिनट अभ्यास करना अच्छी नींद लाने में भी सहायक है। यही नहीं, यह रक्तचाप को नियंत्रित करने, अवसाद को कम करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करता है। अब सवाल उठता है कि माइंडफुलनैस कैसे करें? एक शांत जगह पर बैठें, आंखें बंद करें और अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें। सांस लेते और छोड़ते समय उसे महसूस करें।
Tags:    

Similar News