Mahashivratri 2025: ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, इसलिए यह दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसे मे कहा जाता है कि इस दिन शिव की आराधना करने से समस्त पाप नष्ट होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस साल महाशिवरात्रि का त्योहार 26 फरवरी को मनाया जाएगा। इसी के चलते लोगों ने तैयारी भी शुरू कर दी है।
यदि आप भी इस दिन व्रत-उपवास रखते हैं और कुछ खास पकवान तैयार करना चाहते हैं तो फलाहारी नमकीन एक बेहतर विकल्प है। इसे आप पहले से तैयार करके भी रख सकते हैं।
फलाहारी नमकीन बनाने का सामान:
आलू – 2 बड़े (पतले लच्छे के रूप में कटे हुए)
काजू – 10-12 (तले हुए)
बादाम – 10-12 (तले हुए)
मूंगफली – 1/2 कप (भुनी हुई)
मखाने – 1 कप (ड्राई रोस्ट किए हुए)
किशमिश– 2 बड़े चम्मच
करी पत्ता – 8-10 पत्ते (तले हुए)
तिल – 1 बड़ा चम्मच
सेंधा नमक – स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
घी या मूंगफली का तेल– तलने के लिए
फलाहारी नमकीन बनाने का तरीका:
महाशिवरात्रि के लिए फलाहारी नमकीन बनाना काफी आसान है।
इसके लिए आपको सबसे पहले आलू को धोकर लच्छेदार कर लेना है।
इसके लिए आप कद्दूकस का इस्तेमाल कर सकती हैं।
अब इन लच्छों को 10-15 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रखें, जिससे स्टार्च निकल जाए।
15 मिनट के बाद इन लच्छों को निकाल कर एक सूती कपड़े पर रखकर सुखा लें।
जब ये पूरी तरह से सूख जाएं तो इन्हें धीमी आंच पर गरम तेल में डालकर कुरकुरा होने तक तल लें।
सुनहरा होने के बाद आलू के लच्छों को निकालकर टिशू पेपर पर रखें, ताकि इसका अतिरिक्त तेल निकल जाए।
अब बारी आती है ड्राईफ्रूट्स को तैयार करने की।
इसके लिए एक-एक करके काजू, बादाम, मूंगफली और मखानों को धीमी आंच पर तल लें ताकि वे क्रिस्पी हो जाएं।
अब किशमिश को हल्का भून लें ताकि वह फूल जाए।
इसके बाद धोकर रखे गए करी पत्तों को भी तलकर अलग रख लें।
अब नंबर आता है तड़का लगाने का तो सबसे पहले एक कढ़ाई में 1 बड़ा चम्मच घी डालें घी के गर्म होने के बाद सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डालें और हल्का भूनें।
जब ये भुन जाए तो कढ़ाई में तले हुए आलू के लच्छे, मखाने, काजू, बादाम, मूंगफली और किशमिश डालें।
इसको अच्छी तरह से मिक्स करें।
जब ये पूरी तरह से ठंडा हो जाए तो एयरटाइट कंटेनर में भर लें।