Health: अगर आपको पाचन संबंधी समस्या रहती है या आपकी त्वचा हमेशा डल लगती है, तो आपको आज से ही रोज़ाना सुबह खाली पेट सौंफ का पानी पीना शुरू कर देना चाहिए। जी हाँ, इस बीज के पानी में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन ए और सी जैसे गुण होते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। डायटीशियन श्रेया कत्याल कहती हैं कि सौंफ एक ऐसा बीज है, जिसके कूलिंग एजेंट हमारे शरीर को हाइड्रेटेड रखते हैं और हमें कई समस्याओं से राहत दिलाते हैं। अगर इसका पानी खाली पेट पिया जाए, तो हमारे शरीर को इसके बेहतर लाभ मिलते हैं।
सौंफ का पानी पीने के फायदे:
पाचन सुधारें- सौंफ में मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट प्रॉपर्टीज गैस, कब्ज और अपच की समस्याओं को दूर करता है। इसका पानी ब्लोटिंग की समस्या में भी राहत दिलाता है।
वेट लॉस- सौंफ का पानी पीने से मेटाबॉलिज्म स्ट्रॉन्ग होता है। ये हमारी इम्यूनिटी को भी बूस्ट करता है। ऐसे में वेट लॉस करने वाले लोगों को इस पानी को जरूर पीना चाहिए क्योंकि इससे आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है।
स्किन- गर्मियों और मानसून के समय स्किन पर पिंपल्स और एक्ने की समस्या बढ़ जाती है। इसे दूर करने के लिए आपको सौंफ का पानी जरूर पीना चाहिए। इस पानी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन-सी स्किन को डिटॉक्स कर ग्लोइंग बनाता है।
आंखों के लिए फायदेमंद- सौंफ विटामिन-ए का सोर्स भी है। ऐसे में ये हमारी आंखों की रोशनी को भी बढ़ाने में फायदेमंद होता है।
कैसे बनाएं इसका पानी?
इसके लिए आपको रात को सोने से पहले 1 गिलास पानी में 1 चम्मच सौंफ को डालकर छोड़ देना। अब इस पानी को आप सुबह खाली पेट बिना पकाएं भी पी सकते हैं। अगर आपको इसे गर्म पीना है तो सौंफ के बीजों के साथ इसे थोड़ा गर्म कर लें। पानी के साथ-साथ इन बीजों को भी खा लें।