लाइफ स्टाइल:आम का अचार लगभग हर घर में बनाया जाता है, लेकिन कई बार लंबे समय तक रखने पर उसमें फफूंदी (फंगस) लग जाती है। नमी या ज्यादा गर्मी के कारण अचार में सफेद फंगस दिखने लगती है, जिससे लोग उसे खराब समझकर फेंक देते हैं। लेकिन ऐसा करना जरूरी नहीं है, क्योंकि कुछ आसान उपाय अपनाकर अचार को फिर से खाने लायक बनाया जा सकता है।
फफूंदी हटाने का पहला तरीका
सबसे पहले साफ और सूखे चम्मच की मदद से अचार में जहां-जहां फंगस लगी है, उसे अच्छी तरह निकाल दें। हल्की भी फफूंदी दिखे तो उसे पूरी तरह साफ करें। इसके बाद अचार वाले डिब्बे को हल्का हिला दें ताकि बाकी अचार की भी जांच हो सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और फंगस तो नहीं फैली है।
धूप में रखकर करें अचार को सुरक्षित
अचार के डिब्बे को 4 से 5 दिनों तक लगातार 5-6 घंटे धूप में रखें। धूप की गर्मी से अचार में मौजूद नमी खत्म हो जाती है और दोबारा फफूंदी लगने की संभावना कम हो जाती है। यह तरीका अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है।
सरसों का तेल और सिरका का इस्तेमाल
सरसों का तेल गर्म करके हल्का ठंडा करें और उसे अचार में डालकर अच्छे से मिला दें। इसके साथ 2 चम्मच सफेद सिरका भी मिलाया जा सकता है। इससे अचार का स्वाद बना रहता है और उसमें दोबारा फंगस नहीं लगती।
जरूरी सावधानी
अगर अचार 2-3 साल पुराना है और उसमें बदबू आने लगी है, तो उसे इस्तेमाल न करें। ऐसे अचार को फेंक देना ही बेहतर है। लेकिन हाल ही में बने अचार में फंगस दिखने पर ये तरीके अपनाए जा सकते हैं। अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए जरूरत पड़ने पर प्रिजर्वेटिव का भी उपयोग किया जा सकता है।