Breakfast: अगर सुबह के नाश्ते में आपको कुछ चटपटा और अलग खाने का मन कर रहा है, तो क्यों न पकौड़े ट्राई करें? आप सोच रहे होंगे कि इसमें क्या नया है, पकौड़े तो हम हमेशा ही खाते हैं। पर हम आपको बता दें, ये पकौड़े प्याज, मूंग दाल या कॉर्न के नहीं, बल्कि पोहे के होंगे! इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसे बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता और ये आपकी रोजमर्रा की डिशेज से हटकर एक अलग ज़ायका देती है। चौंक गए न आप कि पोहे के पकौड़े कैसे बनाएं? तो चलिए, हम आपको बताते हैं इसकी आसान और स्वादिष्ट रेसिपी!
पोहे के पकौड़े बनाने की सामग्री:
1 कप पोहे, 2 उबले हुए आलू , 1 प्याज बारीक कटा हुआ, 1 कप बेसन, तेल, हरी मिर्च बारीक कटी हुई, चाट मसाला, नमक स्वाद अनुसार, रोस्ट किया हुआ मूंगफली
पोहे के पकौड़े बनाने की विधि:
स्टेप 1: पोहे को तैयार करें: सबसे पहले एक बड़े बाउल में पोहा लें और उसे अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद सारा पानी छानकर एक तरफ रख दें, ताकि पोहे थोड़े नरम हो जाएं।
स्टेप 2: पकौड़े का मिश्रण बनाएं: अब उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। मैश किए हुए आलू को धोए हुए पोहे के साथ मिलाएं। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, रोस्ट की हुई मूंगफली, चाट मसाला और नमक स्वादानुसार डालें। अब इसमें धीरे-धीरे बेसन डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रहे कि बेसन का घोल इतना गाढ़ा हो कि पकौड़े आसानी से बन सकें। आपका पकौड़े का मिश्रण तैयार है!
स्टेप 3: पकौड़े तलें: अब गैस ऑन करें और उस पर एक कड़ाही रखें। जब कड़ाही गरम हो जाए, तब उसमें तलने के लिए तेल डालें। जब तेल गरम हो जाए, तो मिश्रण से छोटे-छोटे गोल आकार के पकौड़े बनाएं और उन्हें गरम तेल में धीरे-धीरे डालें। गैस की आंच को हल्का धीमा कर दें ताकि पकौड़े अंदर तक अच्छी तरह से पक जाएं और क्रिस्पी बनें। जब पकौड़े सुनहरे भूरे रंग के हो जाएं, तो उन्हें तेल से बाहर निकालकर एक प्लेट में निकाल लें।
बस! आपके गर्मागर्म और स्वादिष्ट पोहे के पकौड़े तैयार हैं।