Entertainment मनोरंजन : अभिनेत्री अमीषा पटेल का आज जन्मदिन है। इंडस्ट्री में उन्हें 25 साल हो गए हैं। करीब ढाई दशक से फिल्मी दुनिया में सक्रिय अमीषा पटेल ने अपने करियर की शुरुआत ब्लॉकबस्टर फिल्म से की।
फिल्म का नाम याद ही आ गया होगा। जी हां, 'कहो ना प्यार है'। अपनी मासूमियत से अमीषा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आज 9 जून को उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनके बारे में... अमीषा पटेल 50 वर्ष की हो गई हैं। अमीषा का जन्म 9 जून 1975 को मुंबई के एक गुजाराती परिवार में हुआ। अमीषा पटेल प्रसिद्ध राजनेता बैरिस्टर रजनी पटेल की पोती हैं।
इनके दादा अपने समय में मुंबई कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे। अमीषा को अपनी पहली दो बॉलीवुड फिल्मों से ही वो स्टारडम मिल गया, जो कई अभिनेत्रियों को शायद अपने पूरे करियर में नसीब नहीं होता है। 'कहो ना प्यार है' ऋतिक रोशन की भी डेब्यू फिल्म थी। दोनों की जोड़ी फैंस को खूब पसंद आई। अमीषा पटेल ने सोनिया की भूमिका अदा की। उन्होंने अपनी अदाकारी और भोलेपन से दर्शकों का दिल जीत लिया।