New York में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पानी में बही महिला
New York : New York City में लगातार हुई मूसलाधार बारिश और अचानक आए फ्लैश फ्लड ने शहर की रफ्तार पूरी तरह रोक दी है। तेज बारिश के कारण कई सड़कें नदियों में बदल गईं, वाहन पानी में डूब गए और ट्रांसपोर्ट सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ। ब्रुकलिन और क्वींस सबसे ज्यादा प्रभावित रहे, जहां कुछ ही घंटों में भारी मात्रा में पानी भर गया। अधिकारियों के अनुसार, कुछ इलाकों में एक घंटे में लगभग 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे ड्रेनेज सिस्टम फेल हो गया। कई वाहन पानी में फंस गए और लोगों को कार की छत पर चढ़कर जान बचानी पड़ी।
शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। पानी भरने के कारण F और J सबवे लाइन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। कई अंडरपास और मुख्य सड़कें बंद कर दी गईं, जबकि बस सेवाएं भी गंभीर रूप से बाधित रहीं।इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला को पानी से भरी सड़क पर बस से निकलते हुए संघर्ष करते देखा गया, जिससे हालात की गंभीरता और साफ हो गई। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे बाढ़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें और ऊंचे स्थानों पर चले जाएं।
यह आपदा उस घटना के कुछ ही दिन बाद आई है जिसमें मैनहट्टन में एक 56 वर्षीय महिला की खुली मैनहोल में गिरने से मौत हो गई थी। पीड़िता की पहचान डोनिका गोकाज के रूप में हुई है, जो फिफ्थ एवेन्यू पर अपनी कार पार्क करने के बाद दुर्घटना का शिकार हुईं। जांच में सामने आया है कि एक भारी ट्रक के गुजरने से मैनहोल कवर अपनी जगह से हट गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस मामले में Con Edison और शहर प्रशासन मिलकर जांच कर रहे हैं। न्यूयॉर्क के मेयर कार्यालय ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।