डेस्क रिपोर्ट : अमेरिका में थैंक्सगिविंग डे सबसे महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहारों में से एक है। यह पर्व परिवार, आपसी प्रेम, कृतज्ञता और जीवन में प्राप्त उपलब्धियों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर माना जाता है। अमेरिका में हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को थैंक्सगिविंग डे मनाया जाता है। इस वर्ष यह त्योहार 26 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताते हैं और विशेष भोज का आयोजन करते हैं। थैंक्सगिविंग के अगले दिन ब्लैक फ्राइडे के साथ क्रिसमस की खरीदारी का सिलसिला भी शुरू हो जाता है।
थैंक्सगिविंग डे मनाने की शुरुआत कैसे हुई?
थैंक्सगिविंग का इतिहास वर्ष 1621 से जुड़ा माना जाता है। उस समय अंग्रेज बसने वालों ने अपनी पहली सफल फसल के बाद उत्तरी अमेरिका के मूल निवासियों के साथ तीन दिवसीय भोज का आयोजन किया था। अच्छी फसल और जीवन में मिली खुशियों के प्रति आभार व्यक्त करना इस आयोजन का उद्देश्य माना जाता है। समय के साथ यह परंपरा अमेरिकी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई। लोग इस दिन अपने जीवन में प्राप्त खुशियों, समृद्धि और परिवार के साथ के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
पांच अमेरिकी राष्ट्रपतियों को लिखे गए थे पत्र
थैंक्सगिविंग को राष्ट्रीय अवकाश का दर्जा दिलाने में लेखिका और संपादक सारा जोसेफा हेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने इस त्योहार को पूरे अमेरिका में एक ही दिन मनाने के लिए लंबे समय तक अभियान चलाया और पांच अमेरिकी राष्ट्रपतियों को पत्र लिखे। वर्ष 1863 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने नवंबर के अंतिम गुरुवार को थैंक्सगिविंग डे मनाने की घोषणा की। इसके बाद वर्ष 1941 में अमेरिकी कांग्रेस ने नवंबर के चौथे गुरुवार को थैंक्सगिविंग का संघीय अवकाश निर्धारित किया।
मूल अमेरिकी समुदाय के लिए शोक का दिन
थैंक्सगिविंग को लेकर अमेरिकी समाज में अलग-अलग ऐतिहासिक दृष्टिकोण भी हैं। कई मूल अमेरिकी समुदाय इस दिन को अपनी जमीनों पर हुए कब्जे और सांस्कृतिक विरासत के नुकसान की याद से जोड़कर देखते हैं। यूनाइटेड अमेरिकन इंडियंस ऑफ न्यू इंग्लैंड संगठन वर्ष 1970 से थैंक्सगिविंग के अवसर पर 'नेशनल डे ऑफ मॉर्निंग' यानी राष्ट्रीय शोक दिवस का आयोजन करता आ रहा है।
थैंक्सगिविंग पर क्यों खाया जाता है टर्की?
थैंक्सगिविंग के विशेष भोज में टर्की पक्षी का मांस परोसना एक प्रमुख परंपरा है। माना जाता है कि टर्की का आकार बड़ा होने के कारण इससे परिवार के कई सदस्यों के लिए भोजन तैयार किया जा सकता है। सारा जोसेफा हेल के लेखन में भी भुने हुए टर्की का विशेष उल्लेख मिलता है। धीरे-धीरे यह थैंक्सगिविंग के पारंपरिक भोजन की पहचान बन गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति देते हैं टर्की को जीवनदान
थैंक्सगिविंग से जुड़ी एक अनोखी परंपरा व्हाइट हाउस में भी निभाई जाती है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति टर्की पक्षी को औपचारिक रूप से जीवनदान देते हैं। वर्ष 1989 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश ने इस आयोजन को औपचारिक परंपरा का रूप दिया था। इस वर्ष भी 24 नवंबर 2026 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'फ्रीडम' और 'फेदर्स' नाम के दो टर्की पक्षियों को जीवनदान दिया।
थैंक्सगिविंग के अगले दिन ब्लैक फ्राइडे
थैंक्सगिविंग के अगले दिन अमेरिका में ब्लैक फ्राइडे मनाया जाता है। इस अवसर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों में विशेष छूट दी जाती है। इसे क्रिसमस की खरीदारी के मौसम की शुरुआत माना जाता है। इस वर्ष ब्लैक फ्राइडे 27 नवंबर को पड़ेगा। अमेरिका के अलावा कनाडा, ग्रेनाडा, लाइबेरिया और अन्य देशों में भी अलग-अलग रूपों में थैंक्सगिविंग मनाया जाता है। कनाडा में यह त्योहार अक्टूबर के दूसरे सोमवार को मनाया जाता है।
Tags: