Delhi दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को 'विमल इलायची' बनाने वाली कंपनी की एक याचिका खारिज कर दी। इस याचिका में महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ओर से ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को जारी 'कारण बताओ नोटिस' को रद्द करने की मांग की गई थी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि कोर्ट के पास इस मामले की सुनवाई करने का अधिकार क्षेत्र (टेरिटोरियल ज्यूरिस्डिक्शन) नहीं है। जज ने कहा कि याचिकाकर्ता को महाराष्ट्र की अदालतों में जाना चाहिए, क्योंकि 'फोरम कन्वेनियंस' (सुविधाजनक अदालत) के सिद्धांत के तहत नोटिस से जुड़ी चिंताओं के समाधान के लिए वह अधिक उपयुक्त और सुविधाजनक जगह होगी।
याचिका में कहा गया कि कंपनी ने 'विमल' ब्रांड के तहत बेचे जाने वाले अपने इलायची प्रोडक्ट के विज्ञापन के लिए जाने-माने फिल्म एक्टर्स को हायर किया था। कंपनी ने कहा कि उसने एक्टर्स के साथ एंडोर्समेंट डील की है और वह यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है कि उसके विज्ञापन अभियान लागू कानूनों का पालन करें। कंपनी ने कहा कि महाराष्ट्र FDA ने यह आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किए थे कि विमल इलायची के विज्ञापन असल में विमल पान मसाला का 'सरोगेट प्रमोशन' (अप्रत्यक्ष प्रचार) थे। कंपनी के वकील ने तर्क दिया कि 11 अगस्त का FDA नोटिस केवल एक्टर्स को जारी किया गया था, कंपनी को नहीं, जबकि राज्य रेगुलेटर की किसी भी कार्रवाई का गंभीर परिणाम कंपनी को ही भुगतना होगा।
11 अगस्त का यह नोटिस 'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट (FSS एक्ट), 2006' और संबंधित नियमों के तहत बॉलीवुड एक्टर्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन में ब्रांड एंडोर्सर के तौर पर उनकी भूमिका को लेकर जारी किया गया था। FDA ने नोटिस में कहा कि विमल ब्रांड "बाजार में पान मसाला से प्रमुखता से जुड़ा हुआ है" और बताया कि महाराष्ट्र में पान मसाला प्रोडक्ट्स पर प्रतिबंध है। FDA ने एक्टर्स से विज्ञापन में अपनी भागीदारी तुरंत खत्म करने को कहा। साथ ही, उन्हें अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य प्लेटफॉर्म से प्रमोशनल मटीरियल हटाने का निर्देश दिया और साथ ही उस 'ड्यू डिलिजेंस' (पूरी जांच-पड़ताल) के बारे में जानकारी मांगी जो उन्होंने प्रोडक्ट को एंडोर्स करने के लिए सहमत होने से पहले की थी।